बंद मकान का ताला तोड़कर जेवर-नकदी चोरी
मोहनलालगंज। गौरा स्थित स्पर्श ग्रीन सिटी में बुधवार दोपहर चोरों ने ट्रक चालक सूर्यमणि शुक्ला के बंद मकान से 40 हजार की नकदी और दो लाख के जेवर चोरी कर लिए। पास में स्थित अधिवक्ता रामेंद्र सिंह के बंद मकान में भी चोरी की कोशिश की, लेकिन मुख्य दरवाजे का इंटरलॉक नहीं खुला। रायबरेली के महाराजगंज निवासी सूर्यमणि ने बताया कि पत्नी मोनिका और बच्चों के साथ मनीष मिश्रा के मकान में किराये पर रहते हैं। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मकान में ताला बंद कर परिवार के साथ गोसाईंगंज गए थे। इसी दौरान चोरों ने घटना अंजाम दी। शाम पांच बजे लौटने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि फोरेंसिक टीम को छानबीन के लिए बुलाया गया। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में एक बाइक पर तीन संदिग्ध नजर आए हैं। प्राथमिकी दर्ज की गई है।