गैंगस्टर जीवा हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस ने शनिवार को 50 से अधिक कैमरे खंगाले। इनमें शूटर नहीं दिखा। कैसबाग बसअड्डे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में टीम लगाई गई। कुछ संदिग्धों को हुलिए के आधार पर चिह्नित किया है, लेकिन कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली। अब पुलिस सोमवार को रिमांड अर्जी देंगी।
शूटर विजय यादव के मूवमेंट को ट्रेस करने की जद्दोजहद में लगी टीमों को कोई खास सफलता नहीं मिली है। शनिवार को भी 50 से अधिक कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन किसी में भी विजय नहीं दिखा। हुलिए के आधार पर कुछ संदिग्धों को चिह्नित तो किया, जिनकी गतिविधियों को देख रही है।
विज्ञापन
आरोपी की फोटो दिखाकर भी लोगों से जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, शनिवार को कोर्ट बंद होने की वजह से पुलिस आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए अर्जी नहीं दे सकी। अब सोमवार को विवेचक कोर्ट में अर्जी देगा।
शूटर विजय यादव के वारदात को अंजाम देने से पहले के मूवमेंट के बारे में जानकारी जुटाने के लिए तीन-चार टीमें लगाई गई हैं। ताकि पता चल सके कि वह शहर में कहां-कहां गया, कैसे कोर्ट तक पहुंचा। किन लोगों से मुलाकात की। इसके लिए फुटेज बेहद अहम हैं। कैसरबाग, आलमबाग बस अड्डे समेत अलग-अलग रूट पर लगे कैमरों के फुटेज पुलिस खंगाल रही है।
विज्ञापन
सूत्रों के मुताबिक अब तक किसी भी फुटेज में विजय नहीं देखा गया है। फुटेज कई-कई घंटे के हैं, इसलिए इसमें वक्त लग रहा है। उधर, पुलिस ये भी ब्योरा जुटा रही है कि संजीव से पिछले कुछ समय के भीतर किन-किन लोगों ने जेल में उससे मुलाकात की। मुलाकात करने वालों से भी पूछताछ हो सकती है।
एसआईटी ने कुछ और पुलिसकर्मियों के लिए बयान
प्रकरण की जांच के लिए शासन एडीजी टेक्निकल मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में तीन सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। वारदात के बाद से ही एसआईटी तफ्तीश कर रही है। एसआईटी उन पहलुओं पर जांच कर रही है, जिनकी वजह से वारदात हुई।
एसआईटी ने शनिवार को प्रत्यक्षदर्शियों व कोर्ट सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के बयान लिए। इसमें निलंबित छह पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। उन अधिवक्ताओं से भी संपर्क किया, जिनके सामने वारदात हुई और जिन्होंने शूटर को पकड़ा था। सभी के बयान होंगे।
जीवा हत्याकांड के दौरान जख्मी हुई बच्ची की हालत में सुधार
कोर्ट परिसर में हुए जीवा हत्याकांड के दौरान घायल हुई बच्ची की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। केजीएमयू में भर्ती डेढ़ साल की लक्ष्मी का ऑपरेशन शुक्रवार को केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में हुआ था। शनिवार को बच्ची का ऑक्सीजन सपोर्ट धीरे-धीरे कम किया जा रहा है।
ट्रॉमा के सीएमएस डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि भर्ती के समय बच्ची की हालत गंभीर थी। उसकी पसली और फेफड़े के बीच गोली फंसी थी, जिसे शुक्रवार को ऑपरेशन करके निकाल दिया गया। बच्ची अभी आईसीयू में भर्ती है। हालत सामान्य होने पर आईसीयू से बाहर किया जाएगा।
कोर्ट रूम में जीवा की हत्या
आपको बता दें कि पुलिस हिरासत में लखनऊ के एससीएसटी कोर्ट रूम में बुधवार दोपहर बाद मुख्तार अंसारी के बेहद करीबी कुख्यात अपराधी संजीव महेश्वरी उर्फ जीवा (50) की हत्या कर दी गई। वकील के लिबास में आए हमलावर ने कोर्ट रूम में ही रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ छह राउंड फायरिंग की।
इस दौरान दो पुलिसकर्मियों, एक डेढ़ साल की बच्ची व उसकी मां को भी गोली लगी। जीवा पर हमलावर ने पीछे से फायरिंग की। वारदात के बाद वकीलों ने दौड़कर हमलावर को दबोच लिया और पीटकर पुलिस को सौंप दिया। घायलों को ट्रामा में भर्ती कराया गया है।
वारदात के बाद आक्रोशित वकीलों ने प्रदर्शन कर पथराव कर दिया। जिसमें एसीपी चौक का सिर फट गया। कई वाहन भी छतिग्रस्त हो गए। आलाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तब हालात पर काबू पा सके।