लखनऊ। इंदिरानगर स्थित जैन मंदिर में पूज्य दिगंबर संत आचार्य सुबल सागर महाराज के सानिध्य में आयोजित सात दिवसीय श्रावक संस्कार शिविर का बुधवार को समापन हो गया। उत्तर प्रदेश जैन विद्या शोध संस्थान और इंदिरानगर दिगंबर जैन सेवा संस्थान के संयुक्त आयोजन में 100 से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पंडित दौलत राम रचित ‘छहढाला’ का अध्ययन कराया गया और प्रतिभागियों की परीक्षा ली गई। 50 में से 50 अंक प्राप्त करने वालीं सुशीला जैन को श्रीमती ज्योति जैन ने सम्मानित किया। सुबह भगवान महावीर स्वामी का अभिषेक और शांतिधारा हुई, जिसका सौभाग्य संचित जैन और सनत जैन को मिला। महासचिव अभिषेक जैन ने बताया कि आचार्य श्री का मंगल विहार बृहस्पतिवार सुबह गुड़ंबा स्थित श्रीआदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर के लिए होगा।