ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में वन्य जीवों के हमले से लोगों में दहशत है। कोटरा बहादुरगंज गांव में भेड़िया दिखने के बाद अब पूरे ननकू मजरे पट्टी रहस कैथवल गांव में सियार ने दरवाजे पर सो रही वृद्धा पर हमला कर दिया। इससे ग्रामीणों में दहशत है। घायल वृद्धा का इलाज सीएचसी में कराया गया। वन विभाग की टीम रात से ही सियार की खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला।
ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के कोटरा बहादुरगंज गांव में 10 दिन पहले भेड़िया दिखने से अब भी गांव के लोग सहमे हुए हैं। भेड़िया का वीडियो वायरल हुआ था, लेकिन वन विभाग ने वीडियो कहीं दूसरी जगह का बताया था। गांव में कई दिनों तक वन विभाग की टीम ने भेड़िये की खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला।
शुक्रवार रात सियार ने पूरे ननकू मजरे पट्टी रहस कैथवल गांव में दस्तक दी। गांव की रहने वाली महादेई (65) दरवाजे पर सो रही थी। इसी दौरान सियार ने हमला कर दिया। हमले से महिला का बायां हाथ जख्मी हुआ है। उसके शोर मचाने पर घर वाले दौड़े तो सियार भाग निकला। उसे सीएचसी ले जाया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि इलाज के बाद घर भेजा गया है। गांव के रहने वाले राकेश कुमार, अजय, सुनील, सुखराम ने बताया कि सियार के हमले से गांव में दहशत है। लोग सो नहीं पा रहे हैं।
उधर, डलमऊ वन क्षेत्राधिकारी मो. अकबर ने बताया कि गांव में टीम भेजी गई थी। रात में भी टीम लगाई गई है। ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है कि अकेले घर से बाहर न निकलें।