बेवरेज का काम करने वाले लधानी ग्रुप पर तीसरे दिन रविवार को भी आयकर विभाग की छापे की कार्रवाई जारी रही। अधिकारी संदिग्ध लेन-देन का ब्योरा जुटाते रहे। सूत्रों का कहना है कि अब तक सौ करोड़ रुपये से अधिक के हवाला कारोबार की जानकारी मिली है। कुछ और सेल कंपनियों के बारे में पता चला है, इनका सत्यापन किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक लधानी ग्रुप के न सिर्फ लखनऊ बल्कि प्रदेश के अन्य शहरों के साथ दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में बड़े पैमाने पर हवाला कारोबार के बारे में पता चला है। ग्रुप से जुड़ी हुई एक अन्य फर्म अरुण बेवरेज के खातों और दस्तावेजों में संदिग्ध लेन-देन के प्रमाण मिले हैं।
कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
लखनऊ में लधानी ग्रुप के राकेश लधानी, सौरभ लधानी और विवेक लधानी के प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की टीमें शुक्रवार से दस्तावेजों की छानबीन कर रहीं। अधिकारियों ने रिवर साइड माल से लैपटॉप, अहम दस्तावेज और कंप्यूटर हार्ड डिस्क सील की है। इंदिरानगर व हुसैनगंज के प्रतिष्ठानों पर भी संदिग्ध लेन-देन केबारे में पूछताछ की गई। प्रतिष्ठानों के कर्मियों के कलम बंद बयान भी दर्ज किए गए हैं।