बाउड्री के पास फिल्डिंग पर उत्साहित रहे दर्शक।
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ सुपरजायंट्स टीम अपने थीम सॉन्ग अब अपनी बारी है... की तर्ज पर मंगलवार को फिर से जीत की पटरी पर लौट आई। इससे पहले इकाना में खेले गए आईपीएल मुकाबले में राजस्था रॉयल्स ने लखनऊ को करारी शिकस्त दी थी। मैच के दौरान भले ही दर्शकों की दीवानगी रोहित शर्मा को लेकर सबसे ज्यादा देखने को मिली, पर उनका प्यार घरेलू टीम पर उमड़ा। आयोजकों ने बादशाह के गाए एलएसजी के थीम सॉन्ग को डीजे पर बार-बार बजाया। दर्शक भी लखनऊ के खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन की खुशी में डीजे की धुन पर जमकर थिरके। घरेलू मैदान पर राजस्थान से हार मिलने के बाद लखनऊ की टीम मंगलवार को बदली हुई रणनीति के साथ उतरी। गेंदबाजी की शुरुआत मार्कस स्टॉयनिक्स तो बल्लेबाजी में राहुल के साथ अर्शिन कुलकर्णी ने पारी का आगाज किया।
टूट गई रोहित शर्मा से रिटर्न गिफ्ट की आस
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा भले ही लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ खेल रहे हों, पर नवाबों की नगरी में उनकी दीवानगी छाई रही। मंगलवार को उनका जन्मदिन भी था। ऐसे में दर्शक उनसे शानदार पारी के रिटर्न गिफ्ट की आस लेकर आए थे। हालांकि, उनकी उम्मीदों को तब झटका लगा, जब रोहित पांच गेंदों पर महज चार रन बनाकर आउट हो गए।मैच की शुरुआत में रोहित ने चौका जड़ा तो उनसे बड़े स्कोर की उम्मीद जागी। हालांकि, इसके बाद वे कैच थमाकर चलते बने। रोहित शर्मा का क्रेज मुंबई की फील्डिंग के दौरान भी देखने को मिला। बाउंड्री पर जिधर भी रोहित रहते, वह हिस्सा रोहित... रोहित... के नारों से गूंज उठता। आलम यह था कि रोहित के बाद जो खिलाड़ी उनकी जगह फील्डिंग करने आता, दर्शक उसे वापस जाने और रोहित को लाने की मांग करते।
जीतेगा भाई जीतेगा... लखनऊ जीतेगा...
मैच के दौरान ऐसी स्थिति भी आई जब लगा कि जीत आसानी से नहीं मिलेगी। ऐसे में दर्शकों ने जीतेगा भाई जीतेगा... लखनऊ जीतेगा... के नारे लगाए। आखिर ने दर्शकों की दुआ काम आईं और लखनऊ ने चार गेंद बाकी रहते चार विकेट से जीत दर्ज कर ली।
आयुष बडोनी के विकेट पर होती रही चर्चा
आयुष बडोनी का विकेट चर्चा का विषय बन गया। मुंबई के विकेटकीपर ईशान किशन ने दूसरे प्रयास में गेंद विकेट में लगाई। दर्शकों को लग रहा था कि आयुष का बैट क्रीज तक पहुंच चुका है, लेकिन अंपायर का मानना था कि बैट हवा में उठा हुआ था। ऐसे में उन्हें आउट दिया गया।
लखनऊ का घरेलू मैदान में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
मेजबान टीम को मिला दर्शकों का प्यार।
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ सुपरजायंट्स ने घरेलू मैदान में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया। टीम ने इकाना स्टेडियम में खेले छह मुकाबलों में से चार में जीत दर्ज की। टीम को यहां आखिरी मैच पांच मई को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ खेलना है। ऐसे में जीत के साथ लखनऊ का प्रदर्शन घरेलू मैदान में और भी बेहतर हो सकता है। पिछले सत्र में टीम ने यहां सात मैच खेलकर तीन में जीत हासिल की थी, जबकि तीन में हार का सामना करना पड़ा था। एक मैच बारिश के चलते स्थगित हो गया था।
पांच मैच बाद मैदान में उतरे मयंक फिर चोटिल
पांच मैच के ब्रेक के बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ मयंक यादव ने वापसी तो कर ली, लेकिन अपने कोटे के चौथे ओवर की पहली गेंद फेंकने के बाद वे अचानक पवेलियन लौट गए। संभवत: उन्हें गेंदबाजी करने में दिक्कत आई थी। हालांकि, उनकी शुरुआत धमाकेदार रही। उनकी पहली गेंद निहाल वढेरा के हेल्मेट पर लगी। उन्होंने मुकाबले में एक बार 152.8 किमी की रफ्तार से गेंदबाजी की, लेकिन अधिकतर गेंदों की रफ्तार 140 से 145 किमी के भीतर ही रही। कुछ गेंदें 125 किमी के करीब भी फेंकी। मयंक के अचानक मैच छोड़ देने से उनके एक बार फिर चोटिल होने का संकट गहरा गया है।