रायबरेली। महराजगंज कोतवाली में तैनात रहे सिपाही पंकज कुमार पर नाबालिग किशोरी के साथ छेड़छाड़ व अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप है। इस मामले में सीओ महराजगंज ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
महराजगंज कस्बे की रहने वाली एक महिला ने शनिवार को एसपी को पत्र देकर सिपाही पर अपनी 11 वर्षीय बेटी के साथ छींटाकशी करने और मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप लगाया था। सिपाही उनके यहां किराए पर रहता था। एसपी ने सिपाही को निलंबित करते हुए प्रकरण की जांच सीओ महराजगंज को सौंपी थी।
सीओ यादुवेंद्र बहादुर पाल ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पाया गया है कि किशोरी की मां बीमार थी। एम्स में भर्ती के दौरान जरूरत पड़ने पर सिपाही ने खून दिया था। वह परिवार के एक सदस्य की तरह उनके मकान में रहता था। दरवाजे के पास तखत रख दिए जाने के कारण महिला और सिपाही के बीच विवाद हुआ था।
इस पर सिपाही से कमरा खाली करा लिया था। सीओ ने बताया कि सिपाही के साथ ही पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए जाएंगे। आसपास के लोगों से भी घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द वह अपनी रिपोर्ट एसपी को सौंप देंगे।