लखनऊ। लविवि के वाणिज्य विभाग में 11 और 12 अप्रैल को होने वाले दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार को लेकर बृहस्पतिवार को विभागाध्यक्ष प्रो. अवधेश त्रिपाठी ने प्रेसवार्ता में बताया कि सेमिनार में देश-विदेश के पांच सौ से अधिक आर्थिक विशेषज्ञ शामिल होंगे।
वे अर्थव्यवस्था को गतिशील बनाने के साथ भारत सरकार के पांच ट्रिलियन इकोनॉमी के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जरूरी उपायों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि सेमिनार की थीम आजादी के 75 वर्षों बाद दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर भारत के बढ़ते कदम हैं। उद्घाटन केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ सिंह करेंगे जबकि समापन उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्यमंत्री रजनी तिवारी करेंगी। प्रेसवार्ता में उन्होंने कार्यक्रम के लोगो और पोस्टर का अनावरण भी किया। इस दौरान प्रो. सोमेश शुक्ल, प्रो. रामविलास व डॉ. अनीता तिवारी सहित विभाग के अन्य शिक्षक मौजूद रहे।