रायबरेली। इंटरमीडिएट में 96.40 प्रतिशत अंकों के साथ शिशिर गुप्ता और उत्कर्ष मौर्या ने संयुक्त रूप से जिले में प्रथम स्थान बनाया है। इन दोनों ने यूपी की मेरिट में छठवीं पोजीशन हासिल करके जिले का नाम रोशन किया है। इन मेधावियों का सपना आईएएस और पीसीएस बनकर देश सेवा करना है। अपने इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। यही वजह है कि इंटरमीडिएट में बड़ी सफलता मिली। आगे भी इसी तरह सफलता अर्जित करते रहेंगे। दोनों मेधावियों के पिता व्यवसाय करते हैं।
उत्कर्ष मौर्य मूलरूप से अमेठी जिले के तिलोई तहसील क्षेत्र के चेतरा बुजुर्ग के रहने वाले हैं। उनके पिता हजारीलाल मौर्य ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाते हैं। होनहार उत्कर्ष ने हाईस्कूल में भी विद्यालय में टॉप किया था। उत्कर्ष का कहना है कि कड़ी मेहनत और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन से कठिन से कठिन लक्ष्य भी प्राप्त किया जा सकता है। उसका सपना आईएएस बन कर देश की सेवा करना है। मां ममता मौर्य ने बताया कि बड़ी बेटी नंदिनी मौर्या भी 2019 में इंटरमीडिएट में विद्यालय की टॉपर रही है। छोटा बेटा अंकित ने इस बार हाईस्कूल परीक्षा में जिला स्तर पर सातवां स्थान बनाया है। इस सफलता से परिवार में खुशी छाई है।
अतरहर गांव के रहने वाला शिशिर गुप्ता अपने माता-पिता का लाडला है। उनके पिता आशुतोष गुप्ता व्यवसाय करते हैं तो मां नीलम गुप्ता गृहणी हैं। शिशिर उनकी इकलौती संतान है। इंटर में टॉप करने पर परिवार ही नहीं, पूरे गांव में खुशी का माहौल है। शिशिर पीसीएस की तैयारी कर रहा है। वह अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए दिन-रात मेहनत करता है और ज्यादा से ज्यादा वक्त पढ़ाई में बिताता है। सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया है। वह बताते हैं कि पढ़ाई में विवेकानंद बिहारीलाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रबंधक चंदिका प्रसाद श्रीवास्तव उर्फ गुरुजी ने पूरा मार्गदर्शन दिया। पीसीएस की तैयारी में भी सहयोग कर रहे हैं।