वाराणसी से आए पवित्र कलश की संत रविदास मंदिर में स्थापना
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी, लखनऊ महानगर ने बृहस्पतिवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती मनाई। इस अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के तहत एक पवित्र कलश स्थापित किया गया। यह कलश वाराणसी से लाया गया था और कृष्णा नगर स्थित संत रविदास मंदिर बारा बिरवा में विधि-विधान से स्थापित हुआ। भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कलश की स्थापना की। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज का जीवन सामाजिक समरसता और समानता का प्रेरणास्रोत है। उनके विचार समाज को एकजुट करने और भेदभाव मिटाने का संदेश देते हैं। कार्यक्रम में महानगर महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल, अभियान संयोजक सत्येंद्र सिंह, टिंकू सोनकर, मान सिंह, विनायक पांडेय, सौरभ वाल्मीकि, सतवीर, राजेश चौधरी, अमृता वर्मा, विपिन सोनकर और शैलू सोनकर उपस्थित रहे।