रायबरेली। मारपीट के मामले की एफआईआर कॉपी लेने बछरावां कोतवाली पहुंचे पीड़ित पर दरोगा ने तमाचा जड़ दिया। आरोप है कि दरोगा की पिटाई से पीड़ित बेहोश हो गया और उसके कान का परदा फट गया। पीड़ित ने सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर एसपी को पत्र देकर दरोगा के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं। बछरावां कोतवाली क्षेत्र के ठकुराइनखेड़ा गांव की रहने वाली गंगावती व गुड़िया के बीच रविवार को कूड़ा फेंकने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मारपीट हो गई। श्रीकांत की तहरीर पर पुलिस ने रामपाल, गुड़िया, जमुना देवी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। श्रीकांत का आरोप है कि मारपीट के बाद वह दुबारा कोतवाली एफआईआर की कॉपी लेने गया तो दरोगा का पारा गरम हो गया। दरोगा ने गाल पर तमाचा जड़ दिया। पीड़ित का आरोप है कि पिटाई से वह बेहोश हो गया। उसके कान में गंभीर चोटें आई। कोतवाल बृजेश कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद है। संवाद