काकोरी। लालताखेड़ा गांव में बृहस्पतिवार दोपहर सरकारी नलकूप पर बने पानी के टैंक में नहाने गए आठ वर्षीय आयुष की डूबने से मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में स्थित सरकारी नलकूप के टैंक में अक्सर बच्चे और ग्रामीण नहाने जाते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे गांव के रहने वाले राम कुमार गौतम का आठ वर्षीय बेटा आयुष कुछ बच्चों के साथ नहाने गया था। काफी देर तक दिखाई न देने पर साथ मौजूद ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद आयुष का शव टैंक में बनी जल निकासी की नाली में फंसा मिला। ग्रामीणों ने किसी तरह शव को बाहर निकाला और घटना की सूचना परिजनों को दी। बेटे का शव देखते ही परिवार में चीखपुकार मच गई। परिजन शव को घर ले गए। गांव में घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने घटना की सूचना से इन्कार किया है।