सरोजनीनगर के बेहसा इलाके में 25 दिन पहले हुई थी वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
सरोजनीनगर। बेहसा इलाके में 25 दिन पहले जमीन को लेकर हुई पिटाई में जख्मी बुजुर्ग कालीचरण ने शनिवार को घर पर इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने देर शाम पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार भी करा दिया। मामले में परिजनों ने प्रॉपर्टी डीलर पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, मारपीट के दर्ज केस में गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।
दलित मोनी ने पड़ोसी विवेक मौर्य और ईश्वर चंद्र मौर्य पर पिता कालीचरण को पीटकर घायल करने का आरोप लगाते हुए चार दिन पहले केस दर्ज कराया था। आरोप है कि विवेक व विशाल ने 2012 में पिता को बहलाफुसलाकर जमीन लिखवा ली थी। रकम अभी तक नहीं दी। 31 जनवरी व 1 फरवरी को आरोपियों ने खेत में पिता की पिटाई कर दी थी। ट्रामा में चिकित्सकों ने ऑपरेशन करने को कहा था, लेकिन पैसे न होने के कारण पिता को घर ले आए और इलाज करा रहे थे। शनिवार देर शाम कालीचरण की अचानक हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूचना पर केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर के प्रतिनिधि प्रवीण अवस्थी सहित कई अन्य जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। परिजयों ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस ने समझा-बुझाकर देर शाम अंतिम संस्कार करा दिया। परिवार में पत्नी कांति के अलावा बेटे सर्वेश, सोनू और बेटी मोनू व रिचा के अलावा दो और बच्चे हैं। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी आई है।