आवेदकों को एसएमएस से मिलेंगी हज से जुड़ी सूचनाएं
प्रदेश से हज के लिए आवेदन करने वालों को हज यात्रा से जुड़ी सभी सूचनाएं उनके मोबाइल पर एसएमएस के जरिये मुहैया कराई जाएंगी।
उन्हें हज फ्लाइट की जानकारी भी एसएमएम से दी जाएगी। यह जानकारी शनिवार को अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने दी।
उन्होंने बताया कि जायरीन को हज से जुड़ी जानकारी देने के लिए प्रदेश के सभी 560 अनुदानित मदरसों पर ई-फैसिलिटेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त राज्य हज समिति मुख्यालय में भी एक सेंटर बनाया गया है। इन सभी सेंटरों से हज के लिए निशुल्क आवेदन किया जा सकता है।
हज 2021 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई। मंत्री ने बताया कि हज यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की वेबसाइट को अपग्रेड किया जा रहा है।
विभिन्न जिलों में हज यात्रा के जानकारों को हज कमेटी ऑफ मुंबई से प्रशिक्षित कराकर हज यात्रियों को प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।