लखनऊ। ला-मार्टीनियर फुटबॉल लीग के तहत सोमवार को पहले दो प्रीक्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। ला-मार्टीनियर कॉलेज के बेकर्स ग्राउंड में खेली जा रही प्रतियोगिता में पहला मैच ओलिव क्ल्ब और इंदिरा फुटबॉल एकेडमी के बीच हुआ। इंदिरा फुटबॉल एकेडमी ने यह मैच 2-0 से जीता। टीम के लिए अर्णव ने 14वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद हर्ष ने 38वें मिनट में दूसरा गोल दागा। दूसरा मैच यूनिटी टीम ए और अल्फा क्लब के बीच खेला गया। अल्फा क्लब ने यूनिटी टीम ए को 3-1 से हराया। विजेता टीम के लिए अर्जुन, गौरव और अखिल ने क्रमशः 17वें, 23वें और 34वें मिनट में गोल किए। यूनिटी टीम ए का एकमात्र गोल नदीम ने 28वें मिनट में दागा। मंगलवार को दो प्रीक्वार्टर फाइनल मैच खेले जाएंगे। पहले मैच में नेशनल पीजी कॉलेज का सामना रोवेंस क्लब से होगा। दूसरा मैच यूनिटी टीम बी और एलएमसी टीम बी के बीच खेला जाएगा।