दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़े इंडियन मुजाहिदीन के आतंकी आरिज उर्फ जुनैद को यूपी एटीएस इसी हफ्ते रिमांड पर लेगी। मूलरूप से आजमगढ़ निवासी आरिज लखनऊ कचहरी ब्लास्ट का मुख्य आरोपी है। उस पर यूपी में हुई कई और आतंकी घटनाओं में शामिल होने का भी आरोप है। फिलहाल वह 24 अप्रैल तक राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की कस्टडी रिमांड पर है।
यूपी एटीएस के आईजी असीम अरुण ने बताया कि लखनऊ कचहरी में हुए ब्लास्ट के मुख्य आरोपी आरिज के खिलाफ यहां एटीएस थाने में भी केस दर्ज है। उसे 13 फरवरी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था। आरिज पर अलग-अलग एजेंसियों ने 20 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
यूपी में पांच आतंकी घटनाओं में नामजद होने के साथ ही वह दिल्ली के बाटला हाउस कांड का भी मुख्य आरोपी है। इसके अलावा दिल्ली में कई आतंकी घटनाओं में भी शामिल रहा है।
आरिज को पहले दिल्ली पुलिस ने लंबी रिमांड पर लिया था। इसी 18 अप्रैल को एनआईए ने न्यायालय में पेश कर 24 अप्रैल तक रिमांड पर लिया। इसके बाद यूपी एटीएस एनआईए की विशेष अदालत में अर्जी देकर उसे रिमांड पर लेगी।
ये हैं आरोप
आरोप है कि आरिज ने लखनऊ के अलावा फैजाबाद और वाराणसी कचहरी में बम ब्लास्ट के लिए 14 लोगों का खास ग्रुप बनाया था, जिसने 23 नवंबर 2007 को सीरियल ब्लास्ट किया था। इन ब्लास्ट में 15 लोगों की मौत हुई थी जबकि 65 घायल हुए थे।
जांच एजेंसियों ने पूर्व में चार लोगों गिरफ्तार किया था जिसमें तारिक कासमी, तारिक कश्मीरी, खालिद मुजाहिद और सज्जादुर्रहमान हैं। इनमें से खालिद मुजाहिद की न्यायिक अभिरक्षा में मौत हो चुकी है।