लखनऊ। मणिपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं काशी हिंदू विवि के अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. आद्या प्रसाद पांडेय को इंडियन इकनॉमिक एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया है। गिरी इंस्टीट्यूट ऑफ डवलपमेंट लखनऊ में आयोजित इंडियन इकनॉमिक एसोसिएशन के 106वें वार्षिक अधिवेशन में इसकी घोषणा की गई।
प्रो पांडेय उत्तर प्रदेश के पहले व्यक्ति हैं जिनका निर्वाचन इस पद पर हुआ है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह , नोबल पुरस्कार से सम्मानित प्रो. अमर्त्यसेन, डॉ. वीके आरवी राव जैसे ख्यातिप्राप्त अर्थशास्त्री इस अंतरराष्ट्रीय संस्था के अध्यक्ष रह चुके हैं। प्रो. पांडेय का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। इस अधिवेशन में गुरुनानक देव विश्वविद्यालय के पूर्व संकाय प्रमुख प्रो. विक्रम चड्ढ़ा को काॅन्फ्रेंस अध्यक्ष बनाया गया है।
इंडियन इकनॉमिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. डीके अस्थाना ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भीमराव केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. एनएमपी वर्मा को अटल विहारी बाजपेयी पुरस्कार से सम्मानित किया गया और उदयपुर के निवासी गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय नोएडा के पूर्व कुलपति व अर्थशास्त्री प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा को प्रख्यात अर्थशास्त्री जेके मेहता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।