आईओसी ने इंडेन एक्स्ट्रालाइट सिलिंडर किया लॉन्च।
लखनऊ। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) ने उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंडेन एक्स्ट्रालाइट सिलिंडर लॉन्च किया है। नई सेवा के तहत बुकिंग के मात्र तीन घंटे के भीतर रसोई गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी की जाएगी। हल्के और पारदर्शी डिजाइन वाले इस सिलिंडर में गैस का स्तर आसानी से देखा जा सकेगा। मुख्य महाप्रबंधक (एलपीजी) भोद्रो लाकरा ने बताया कि इस सुविधा को विशेष रूप से कामकाजी लोगों, छात्रों और त्वरित सेवा चाहने वाले उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर शुरू किया गया है। इसकी शुरुआत काशी से की गई है, जहां कई उपभोक्ताओं को मौके पर ही यह सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस सिलिंडर के नए कनेक्शन या रिफिल पर किसी प्रकार की मासिक अथवा वार्षिक सीमा लागू नहीं होगी। आईओसी के कार्यकारी निदेशक संजय भंडारी ने बताया कि इंडेन एक्स्ट्रालाइट सिलिंडर उन्नत सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। इसका दाग-मुक्त पॉलीमर डिजाइन रसोई के फर्श को साफ रखने में मदद करता है और रखरखाव भी आसान बनाता है। उपभोक्ता इंडेन गैस एजेंसियों के अलावा इंडियन ऑयल वन एप के माध्यम से भी सिलिंडर की ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। निकटतम इंडेन वितरक से संपर्क कर भी यह सुविधा प्राप्त की जा सकती है।