लखनऊ। सीएम आवास को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले बदमाश की तलाश में पुलिस की तीन टीमें पूर्वांचल भेजी गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि जिस नंबर से धमकीभरा मेसेज भेजा गया है, वह पूर्वांचल के एक जनपद का है। हालांकि, शनिवार रात तक पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच सकी थी। पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय का कहना है कि जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिस नंबर से धमकी दी गई है, उसे पकड़कर पूछताछ की गई तो उसने धमकी के बारे में जानकारी से साफ इनकार कर दिया। छानबीन में यह भी पता चला कि उक्त नंबर अब कोई दूसरा व्यक्ति इस्तेमाल कर रहा है। पुलिस उसकी तलाश में पूर्वांचल के तीन जनपदों की खाक छान रही है। मालूम हो कि शुक्रवार दोपहर किसी बदमाश ने यूपी 112 सेवा के व्हाट्सएप नंबर पर मेसेज भेजकर सीएम आवास और 112 के मुख्यालय समेत 50 महत्वपूर्ण और संवेदनशील इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। धमकी मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सीएम आवास और 112 सेवा मुख्यालय समेत अन्य संवेदनशील इमारतों की सुरक्षा बढ़ाते हुए बम एवं डॉग स्क्वॉयड से पड़ताल कराई गई। इस बीच गौतमपल्ली थाना में उपनिरीक्षक अवधेश त्रिपाठी की तरफ से अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस आयुक्त ने बताया कि क्राइम ब्रांच, साइबर सेल और एसीपी हजरतगंज के नेतृत्व में तीन टीमें धमकी देने वाले की तलाश कर रही हैं। एसटीएफ और एटीएस की टीमें भी लगाई गई हैं।