लखनऊ। गोमतीनगर इलाके में शनिवार सुबह सहारा अस्पताल ओवरब्रिज के पास पुलिस की एक बदमाश से मुठभेड़ हो गई जिसमें गोली लगने से वह घायल हो गया। चोरी के दर्जनों मामलों में आरोपी बदमाश सिराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि मौके से उसका साथी भाग गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर राजधानी समेत कई शहरों में 24 से ज्यादा केस दर्ज हैं।
डीसीपी पूर्वी प्राची सिंह के मुताबिक, शनिवार सुबह सहारा अस्पताल ओवरब्रिज के पास से एक बाइक से दो बदमाश आ रहे थे। सूचना पर सर्विलांस प्रभारी रजनीश वर्मा और प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर दिनेश चंद्र मिश्र की टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसके बाद दोनों बाइक छोड़कर भागने लगे। इस दौरान पुलिस की फायरिंग से एक युवक घायल सिराज हो गया। वहीं उसका साथी भाग गया। डीसीपी पूर्वी ने सिराज को पकड़ने वाली टीम को 20 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि सिराज मूलरूप से सुल्तानपुर के गोरावारिक अमहट का रहने वाला है लेकिन पिछले कुछ समय से आईआईएम रोड पर भिठौली में किराये के मकान में रह रहा था। प्रभारी के मुताबिक, सिराज अपने साथियों के साथ बंद मकानों की रेकी कर चोरी करता था। सिराज ने दयाल पैराडाइज चौराहे के पास बंद मकान से चोरी की थी। आरोपी पर 20 हजार का इनाम घोषित किया गया था। वहीं सिराज पर लखनऊ, अयोध्या, सुल्तानपुर समेत अन्य शहरों में 24 से ज्यादा केस दर्ज हैं। वहीं मौके से फरार युवक की तलाश की जा रही है।
सुल्तानपुर में हो चुकी है गैंगस्टर की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, सिराज के आपराधिक इतिहास की जानकारी की गई, तो पता चला कि लखनऊ, अयोध्या, सुल्तानपुर समेत कई शहरों में उस पर 24 से ज्यादा केस दर्ज हैं। सुल्तानपुर में सिराज पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जा चुकी है।