लखनऊ। हौसला बुलंद हो तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता ह। झांसी की जिया यादव का तैराकी के प्रति समर्पण इस बात को सच साबित करता है । महज आठ वर्ष की आयु में 12 मीटर के स्वीमिंग पूल में शौकिया तौर पर तैराकी सीखने वाली जिया ने सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर अपने प्रदर्शन में सुधार किया और आज प्रदेश की नंबर एक महिला तैराक बन गई हैं। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित राज्य सीनियर तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने आई जिया ने कहा कि मैंने कभी तैराकी में कॅरिअर बनाने को नहीं सोचा था लेकिन बेहतर परिणाम से मुझे इस खेल को अपनाने को प्रेरित किया और आज परिणाम सबके सामने हैं। जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीतने वाली यूपी की स्टार तैराक ने भविष्य की योजनाओं के बाबत कहा कि पिछले एक साल से प्रदेश के बाहर ट्रेनिंग कर रही हूं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। फिलहाल मेरा लक्ष्य बैंकाक (थाईलैंड) में होने वाली एशियन एजग्रुप तैराकी चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई करके देश का प्रतिनिधित्व करना है। इसके लिए बंगलूरू स्थित साई सेंटर में कड़ी मेहनत कर रही हूं। उम्मीद है कि इसके बेहतर परिणाम सामने आएंगे।