लखनऊ। डीएम विशाख जी ने बुधवार को जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की, जिसमें विकास कार्यों पर चर्चा के साथ प्रगति की जानकारी दी गई।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि राघवेंद्र शुक्ल व सलाहकार दिवाकर त्रिपाठी ने कहा कि कहीं कोई समस्या हो तो फौरन पत्र के माध्यम से बताएं। लखनऊ-हरदोई हाईवे, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे, रेलवे लाइन पर आरओबी, एलटी लाइन शिफ्टिंग इत्यादि की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने इंदिरानगर, गोमतीनगर, फैजुल्लागंज, राजाजीपुरम व अन्य क्षेत्रों में नाले की सफाई व नालों और फुटपाथ पर अतिक्रमण से जाम की समस्या और शहरी क्षेत्र में पार्किंग की समस्या उठाई, जिस पर डीएम ने नगर आयुक्त को कार्रवाई के लिए कहा। बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला ने फैजुल्लागंज के न्याय बिहार में जलभराव की समस्या उठाई। लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। सेतु निगम ने बताया कि मरी माता फ्लाईओवर का कार्य अगले माह तक पूर्ण हो जाएगा। केसरीखेड़ा फ्लाईओवर का कार्य भी प्रगति पर है, जो जून से पहले पूरा हो जाएगा। मोहनलालगंज विधायक अमरेश रावत, सरोजनीनगर विधायक प्रतिनिधि, सीडीओ अजय जैन समेत प्रमुख विभागों के अफसर मौजूद रहे।