सिटी मजिस्ट्रेट को कानपुर रोड स्थित मिठाई की दुकान के गोदाम में मिली मनमानी
डेढ़ क्विंटल मिठाई नष्ट कराई, सात नमूने जांच के लिए भेजे, नोटिस भी भेजा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। रक्षाबंधन पर मिलावटी व घटिया मिठाई की बिक्री रोकने के लिए मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शहर की कई प्रतिष्ठित मिठाई की दुकानों पर छापा मारा। टीम को कहीं मिठाई पर चूहे दौड़ते मिले तो कहीं कीड़े रेंगते दिखे। अभियान में करीब डेढ़ क्विंटल घटिया मिठाई नष्ट कराते हुए सात नमूने भरे गए। दुकानदारों को नोटिस देकर चेतावनी भी दी गई।
सिटी मजिस्ट्रेट प्रकाशचंद्र के नेतृत्व में मंगलवार को एफएसडीए की टीम ने सबसे पहले कानपुर रोड स्थित सौरभ स्वीट्स पर छापा मारा। यहां दूध व छेना मिठाई का नमूना भरा गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने प्लास्टिक के कंटेनर के ढक्कन को उठाकर देखा तो उसमें एक चूहा चल रहा था। गोदाम में रखे कंटेनर में मिठाइयों का वेस्ट रखा हुआ था। सिटी मजिस्ट्रेट ने उसे तुरंत फेंकवा दिया। इसके बाद मिलन सिनेमा रोड स्थित गोपाल मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया तो यहां से खोवा का नमूना भरा गया। टीम ने करीब डेढ़ क्विंटल दूषित मिठाई नष्ट कराया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव ने की टीम ने सलोन तहसील क्षेत्र में भी मिठाई की दुकानों पर छापामारी की। सलोन में ऊंचाहार रोड स्थित राकेश गुप्ता की दुकान से छेना मिठाई, बसंतगंज में दिनेश चौरसिया की दुकान से बरफी व दही और लालगंज के भोजपुर में झुल्लर की दुकान से छेना का नमूना भरा गया। गोदामों में गंदगी मिलने पर दुकानदारों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
इनसेट
सिटी मजिस्ट्रेट रोड तक लगाए गए टेंट को हटवाया
मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने शहर के घंटाघर, सुपर मार्केट और कचहरी रोड पर सडक़ तक टेंट लगाकर मिठाई की बिक्री करने वाले दुकानदारों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने रोड तक लगे टेंट को हटवा दिया। करीब सात दुकानदारों पर पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सडक़ तक टेंट लगा होने के कारण सडक़ों पर जाम लग रहा था। इसी कारण टेंट हटवाए गए। अन्य सडक़ों के किनारे भी लगे टेंट को हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
इनसेट
रक्षाबंधन को लेकर मिलावटखोरी और घटिया मिठाई की बिक्री को रोकने के लिए अभियान चल रहा है। मंगलवार को करीब डेढ़ क्विंटल घटिया मिठाई नष्ट कराई गई। सात नमूने भरवाकर जांच के लिए भेजा गया है। दुकानदारों को नोटिस भेजी जा रही है।
अजीत कुमार राय, सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय एफएसडीए