अर्चना एक्सप्रेस में टिकट चेकिंग के दौरान टीटीई को पीटने वाले दरोगा के अलावा तीन पुलिसकर्मियों की पहचान हो गई है। जीआरपी ने एसपी प्रतापगढ़ को आरोपी पुलिसवालों के नामों की सूची कार्रवाई के लिए भेज दी है।गत मंगलवार को पटना से आ रही अर्चना एक्सप्रेस की सेकंडएसी बोगी में हेड टीटीई संदीप सिंह टिकट चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी सफर कर रहे थे, जिनसे हेड टीटीई ने टिकट बनाने को कहा।
इस पर पुलिसकर्मी ने प्रतापगढ़ फोन किया और ट्रेन के प्रतापगढ़ पहुंचते ही करीब 12 पुलिसकर्मी आ गए और संदीप की पिटाई कर दी। ट्रेन के चारबाग स्टेशन पहुंचने पर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा के आदेश पर रेलवे अफसरों ने घायल टीटीई को इंडोर अस्पताल में भर्ती करवाया तथा जीआरपी थाने पर एफआइआर दर्ज करवाई।
सीओ जीआरपी संजीव सिन्हा ने बताया कि प्रतापगढ़ स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। इसमें पिटाई कर रहे एक दरोगा सहित चार पुलिसकर्मियों की पहचान हो गई। अन्य पुलिसकर्मियों की पहचान की जा रही है।
सभी चिह्नित पुलिसकर्मी प्रतापगढ़ के थानों में तैनात हैं। इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए एसपी प्रतापगढ़ को पत्र लिखा गया है। जल्द ही पुलिसकर्मियों की शिनाख्त पीड़ित टीटीई से भी कराई जाएगी।