लखनऊ में गोमतीनगर विस्तार इलाके में रहने वाले आइसक्रीम पार्लर के मैनेजर अजय कुमार (21) ने छोटे भाई को आत्महत्या करने का मैसेज भेजकर फांसी लगा ली। उसने खुदकुशी क्यों की, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है।
मूलरूप सीतापुर का अजय कुमार गोमतीनगर विस्तार के कौशलपुरी इलाके में किराये के मकान में रहता था और पत्रकारपुरम में एक आइसक्रीम पार्लर में मैनेजर था। उसके छोटे भाई अजीत के मुताबिक, सोमवार रात वह बहन को छोड़ने मड़ियांव गया था। रात 8:01 बजे बड़े भाई अजय ने व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा। इसमें लिखा था कि ''मुझे जीने की इच्छा नहीं है मेरे बाद पापा का ध्यान रखना''। मैसेज पढ़कर अजीत के होश उड़ गए। उसने खरगापुर में अपने पड़ोसी को फोन करके कमरे में जाकर देखने को कहा। पड़ोसी ने मकान में पहुंचा। खटखटाने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने धक्का दिया तो दरवाजा खुल गया। कमरे में अजय का शव फंदे से लटकता मिला। परिवार में पिता शिवसागर हैं और मां का निधन हो चुका है। अजय नौकरी करने के साथ बाराबंकी के एक कॉलेज से पढ़ाई भी कर रहा था।
कक्षा तीन की छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान
लखनऊ में इंदिरानगर इलाके में कक्षा तीन की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसने आत्महत्या क्यों की इस बात का पता नहीं चल सका है। पुलिस आत्महत्या के कारण का पता लगा रही है। इंदिरानगर के तकरोही इलाके में पवेंद्र कुमार अपने परिवार संग रहते हैं। वह कुछ दिन पहले सीतापुर अपने गांव गए थे। घर पर उनकी पत्नी ज्योति और बेटी हर्षिता (14) मौजूद थे। ज्योति लोगों के घरों में काम करने का काम करती हैं। सोमवार की सुबह वह रोज की तरह अपने काम पर चली गई। घर पर हर्षिता अकेली थी। एक घंटे बाद ज्योति वापस लौटी तो देखा कि बेटी पंखे के कुंडे से दुपट्टे के फंदे के सहारे लटका रही थी। बेटी का फंदे से लटकता देख उन्होंने शोर मचा दिया।
शोर होने पर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और किशोरी को फंदे से नीचे उतारा गया और इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने किशोरी को देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को किशोरी का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया। अब तक की गई छानबीन में इस बात का पता नहीं चल सका है कि किशोरी ने फांसी किन कारणों के चलते लगाई है। पुलिस आत्महत्या के कारण का पता लगा रही है।
इंदिरानगर में युवक ने की खुदकुशी
इंदिरानगर के निजामपुर चंदन इलाके में अनूप कुमार (25) ने फांसी लगा ली। पुलिस आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कलह को वजह मान रही है। अनूप कुमार कुछ दिनों से काम नहीं कर रहा था। उसकी पत्नी पूजा बेटी को लेकर रक्षाबंधन में अपने मायके बीबीडी के दयाराम पुरवा चली गई थी। मंगलवार सुबह मां शिव कुमारी जब कमरे में बेटे को जगाने पहुंची तो अनूप का शव फंदे से लटकता मिला।