नए साल में 119 आईएएस और 65 आईपीएस अफसरों को प्रमोशन मिलेगा। मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र की अध्यक्षता में बुधवार को हुई विभागीय पदोन्नति कमेटी (डीपीसी) की बैठक में इस पर सहमति बनी। 1998 बैच के 6 आईएएस अफसर सचिव से प्रमुख सचिव और 2007 बैच के नौ आईएएस विशेष सचिव से सचिव के पद पर प्रमोट होंगे। वहीं आईपीएस अफसरों में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) से अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) के पद पर 7, पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) से आईजी के पद पर 9 और पुलिस अधीक्षक से डीआईजी के पद पर 13 अधिकारियों को प्रोन्नति देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक स्तर के 36 अधिकारियों को सेलेक्शन ग्रेड देने पर सहमति दी गई है।
6 आईएएस प्रमुख सचिव व 9 सचिव पद पर होंगे प्रमोट
1998 बैच के छह अफसरों को एबव सुपर टाइम वेतनमान 10000 से 12000 दिया गया है। यह लाभ 25 साल की अच्छी सेवा पर दिया जाता है। इसमें आलोक कुमार तृतीय, अनिल कुमार तृतीय, अनिल कुमार सागर, पंधारी यादव, अजय चौहान और नीना शर्मा शामिल हैं। ये सभी प्रमुख सचिव हो जाएंगे। आईएएस सेवा में 16 साल की अनवरत सेवा पर सुपर टाइम वेतनमान देने की व्यवस्था है, जो सचिव के लिए दिया जाता है। 2007 बैच के नौ अफसरों को पदोन्नति देने के लिए डीपीसी हुई। इन्हें 8700 से 10000 ग्रेड पे मिलेगा। इस बैच में शीतल वर्मा, आलोक तिवारी, सुहास एलवाई, चैत्रा वी, नवीन कुमार जीएस, डॉ. मुथुकुमारसामी बी, प्रभु नारायण सिंह, अभय, डॉ. आदर्श सिंह हैं।
52 अफसरों को जेए वेतनमान
2005 बैच के गुर्राला श्रीनिवासलू और 2006 बैच के जुहेर बिन सगीर को भी सचिव के पद पर पदोन्नति दी जानी है, पर सूत्रों की मानें तो इन पर अभी सहमति नहीं बन पाई है। वहीं 2010 बैच के 35 आईएएस अफसरों को 13 साल की सेवा पर सलेक्शन ग्रेड 6700 से 8700 वेतनमान देने पर सहमति बनी। ये अफसर डीएम स्तर के हैं। 2014 बैच के 52 आईएएस अफसरों को 6600 से 6500 (जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव) वेतनमान दिया जाएगा। ये अफसर मुख्य विकास अधिकारी से जिलाधिकारी बन सकेंगे। 2019 बैच के 17 आईएएस अफसरों को चार साल की सेवा पर सीनियर टाइम स्केल देने पर सहमति बनी है। इन्हें 5400 से 6600 वेतनमान मिलेगा। ये अधिकारी अब सीडीओ बन सकेंगे।
आईजी स्तर के 7 अधिकारी बनेंगे एडीजी, 9 अधिकारी बनेंगे आईजी
1998 बैच के जिन अधिकारियों को एडीजी के पद पर प्रोन्नति दी जानी है, उनमें भगवान स्वरूप, अमित चंद्रा, पीयूष मोर्डिया, एसके भगत, बीडी पॉल्सन, के सत्यानारायण और पद्मजा चौहान शामिल हैं। इनके अलावा आईजी पद पर 2005 बैच के दीपक कुमार, अखिलेश कुमार, जे रवीन्द्र गौड़, आरके भारद्वाज, उपेन्द्र अग्रवाल, सुभाष चंद्र दूबे, मंजिल सैनी, अंकज शर्मा और प्रेम कुमार गौतम शामिल हैं। इनमें से मंजिल सैनी, अंकज शर्मा और प्रेम कुमार गौतम केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं, इसलिए मूल काडर में वापसी के बाद ही इन तीनों अधिकारियों को प्रोन्नति का लाभ मिलेगा। इनके अलावा 2009 बैच के पुलिस अधीक्षक स्तर के 13 अधिकारियों को डीआईजी पद पर और एसपी रैंक के 36 अधिकारियों को सेलेक्शन ग्रेड देने के प्रस्ताव को डीपीसी की बैठक में मंजूरी दे गई है।
डीजी पद पर प्रोन्नति स्थगित
डीपीसी की बैठक में 1990, 91, 92 और 1993 बैच के आईपीएस अधिकारियों को एडीजी से डीजी पद पर प्रोन्नति के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई, लेकिन मौजूदा समय में डीजी के इतने पद खाली नहीं हैं। ऐसे में इस बैच के अधिकारियों के नामों पर विचार तो किया गया, पर प्रोन्नति को फिलहाल स्थगित रखा गया है।