तुलसीपुर (श्रावस्ती)। जिले में अतिक्रमण का बोलबाला है। एक ओर लोगों ने हरित पट्टी की भूमि पर घर व दुकान का निर्माण करा रखा है। वहीं मार्ग की पटरियों पर भी कब्जा कर लिया है। बुधवार रात गिरंट बाजार में घटी घटना इसी का नतीजा है।
जिले के फोरलेन के मध्य गोला से 110 फिट दाएं व बाएं की भूमि पीडब्ल्यूडी की है। वहीं अन्य पीडब्लूडी के मार्ग के बीच गोले से 55 फिट दाएं व बाएं की भूमि विभाग की है। जिसे हरित पट्टी के रूप में उपयोग किया जाता है। लेकिन सोनवा व हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र में चाहे फोनलेन, डबल लेन या फिर सिंगल लेन मार्ग। सभी पर पड़ने वाले गांव व बाजारों में हरित पट्टी की भूमि पर लोगों ने घर व दुकान बना ली है। ऐसा ही बुधवार रात हरदत्त नगर गिरंट में भी हुआ। जब मुख्य मार्ग से मात्र दो मीटर की दूरी पर चौकी डालकर बैठे चार लोगों को अनियंत्रित कार ने ठोकर मार दी। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग जख्मी हो गए।
हटे अतिक्रमण तो घटे दुर्घटना
विगत माह अतिक्रमण के कारण भिनगा नगर में परिवार के साथ ईद पर खरीदारी करने आए पांच वर्षीय बालक को ट्रक ने रौंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। गिरंट बाजार की इस घटना का मूल कारण अतिक्रमण ही था। यही हाल इकौना, कटरा, गिलौला, सिरसिया, लक्ष्मनपुर व लक्ष्मननगर बाजार सहित लेंगड़ी गूलर मोड़ आदि का भी है। जहां अतिक्रमण के कारण पटरियों का वजूद खत्म हो चुका है। जिससे आए दिन दुर्घटना में लोग अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।