इकौना (श्रावस्ती)। इकौना देहात में बिना पंजीयन के अस्पताल संचालित हो रहा था। बृहस्पतिवार को एसीएमओ की जांच में इसका खुलासा हुआ। इसके बाद अस्पताल सील कर दिया गया है।
इकौना थाना क्षेत्र के इकौना देहात क्षेत्र में बिना पंजीकरण के इकौना-भिनगा मार्ग पर नंदिनी अस्पताल का संचालन हो रहा था। बृहस्पतिवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीके सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल की जांच की। इस दौरान अस्पताल में कोई पंजीकृत चिकित्सक नहीं मिला, अनधिकृत लोग मरीजों का इलाज करते मिले। संचालक अस्पताल पंजीकरण व अन्य अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सका। सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि अस्पताल सील कर दिया गया है। संचालकों को नोटिस जारी होगी। जांच टीम में सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष श्रीवास्तव व अन्य मौजूद रहे।