स्टंटबाजी में होमगार्ड को लगी टक्कर, कार चालक गिरफ्तार
लखनऊ। ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने कार चालक युवक राजाजीपुरम डी-ब्लॉक निवासी शहजर के खिलाफ सआदतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। युवक पर स्टंटबाजी के दौरान होमगार्ड धर्म वशिष्ठ को टक्कर मारने का आरोप है। टीआई ने बताया कि 13 अक्तूबर की शाम करीब 5:45 बजे वह चोर घाटी चौराहे पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान स्टंट कर रहे कार चालक को रुकने का इशारा किया तो उसने रफ्तार बढ़ा दी। रोकने की कोशिश पर होमगार्ड धर्म वशिष्ठ को टक्कर मार दी। पुलिस ने खिन्नी तिराहे के पास आरोपी को पकड़ लिया और जख्मी होमगार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर संतोष आर्या ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।