पारंपरिक बुंदेली गीतों के साथ खेली फूलों की होली
लखनऊ। गोमती नगर के एल्डिको ग्रीन स्थित एफिल क्लब सभागार में रविवार को बुंदेलखंड सांस्कृतिक एवं सामाजिक सहयोग परिषद की ओर से 39वें होली मिलन समारोह हुआ। इस दौरान ईसुरी के फाग और पारंपरिक बुंदेली गीतों के साथ फूलों की होली खेली गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष महेंद्र तिवारी ने की। मुख्य अतिथि पूर्व पुलिस महानिदेशक विजय कुमार व विशिष्ट पेंशन निदेशालय के निदेशक रवींद्र कुमार द्विवेदी, पुष्पलता अग्रवाल, बनारसी प्रसाद गुप्त व वीके शुक्ला शामिल रहे। संस्था के महासचिव कैलाश जैन ने बताया कि बुंदेली लोकपरंपरा को जीवंत बनाए रखने के लिए कार्यक्रम होते हैं। सांस्कृतिक सचिव अर्चना गुप्ता के संयोजन में बुंदेली परिवार की महिला टीम ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। समारोह में बुंदेली व्यंजनों के पारंपरिक भोज का भी आयोजन हुआ। संचालन योगेश चौहान ने किया। स्क्वाड्रन लीडर राखी अग्रवाल, लोक संस्कृति शोध संस्थान की सचिव डॉ. सुधा द्विवेदी सहित अन्य उपस्थित रहे।