रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह तेज रफ्तार बस ने डीसीएम में टक्कर मार दी। इससे डीसीएम चालक की मौत हो गई। वह सीमेंट लादकर जा रहा था। बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस चालक घायल हो गया। इसके अलावा अन्य लोग बाल-बाल बच गए, जो दूसरे वाहन से अपने गंतव्य की ओर चले गए।
अमेठी जिले के शिवतरनगंज थाना क्षेत्र के पूरे लक्ष्मणदेई गांव निवासी पन्नालाल (36) डीसीएम में सीमेंट लादकर रायबरेली की ओर जा रहा था। प्यारेपुर गांव के पास डीसीएम में कुछ खराबी आ गई। चालक इंजन के पास खराबी को देख रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही प्रयागराज डिपो की बस ने डीसीएम में टक्कर मार दी। इससे डीसीएम चालक की मौत हो गई। बस में करीब 35 लोग सवार थे। बस चालक अंजनी शुक्ला निवासी लाल गोपालगंज जिला प्रयागराज भी घायल हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसओ संजय कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।