मोहनलालगंज। छिबऊ खेड़ा मजरा मऊ में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महाबली पर पत्नी दीपाली को लात-घूसों से पीटने और गला दबाकर जान से मारने का आरोप है। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक रायभान खेड़ा की प्रेमा ने दामाद महाबली और उसके भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रेमा ने बताया कि घटना चार अप्रैल की दोपहर करीब दो बजे हुई। बेटी दिपाली की पिटाई की सूचना पर वह अपने पुत्र के साथ बेटी की ससुराल पहुंचीं। महाबली ने बीच-बचाव करने आए साले पर लाठी से हमला किया और सीने में दांत से काट लिया। इसी दौरान दीपाली का जेठ ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचा। महाबली ने साले को मारते-पीटते ट्रैक्टर की तरफ धकेला। धक्का-मुक्की में साला गिर गया और ट्रैक्टर का पहिया उसके दाहिने पैर पर चढ़ गया, जिससे पैर टूट गया। इंस्पेक्टर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।