लखनऊ। बंगाली क्लब व युवक समिति और निखिल भारत बंग साहित्य सम्मेलन की लखनऊ शाखा की ओर से गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती शनिवार को बंगाली क्लब में धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान गुरुदेव के गीतों की प्रस्तुति के साथ नृत्य नाटिका की प्रस्तुति की गई। क्लब के अध्यक्ष अरुण बनर्जी, उपाध्यक्ष अमित घोष, महासचिव तृषा सिन्हा, कोषाध्यक्ष देब भट्टाचार्य, संदीप बोस, एनाक्षी सिन्हा ने गुरुदेव को पुष्पमाला अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत एनाक्षी सिन्हा ने रवींद्र कविता पाठ से की। स्नेहा घोषाल ने गीत गाकर समा बांध दिया। गुरुदेव द्वारा रचित नृत्य नाटिका चण्डालिका पर आधारित नृत्य नाट्य प्रकृति और आनंद की प्रस्तुति नृत्यायन की ओर से संजीव राय के निर्देशन में हुई। यह नाटिका प्रकृति नाम की एक लड़की की कहानी है जिसे समाज ने अछूत कहकर नकारा गया। नृत्य नाटिका में खुशी यादव, रूपा मुखर्जी, ऋषिका मुखर्जी, संजीव रॉय, अंजू बोस, अंजना सेनगुप्ता, प्रीति दास, श्रेया मिश्रा, बबीता मल्होत्रा, मनस्वी श्रीवास्तव, प्रतिष्ठा राव और संचिता चौधरी ने भूमिका निभाईं। बंगाली क्लब के संयुक्त सचिव आशीष भट्टाचार्य ने धन्यवाद दिया।