लखनऊ। नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने वाले प्रदेश के एनसीसी कैडेट्स का 3 फरवरी को राजभवन में सम्मान किया जाएगा। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल कैडेट्स को स्वर्ण और रजत पदक से सम्मानित करेंगी। उत्तर प्रदेश के 34 एनसीसी कैडेटों ने दिल्ली परेड में भाग लिया था। इनमें से एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश के 4 सीनियर डिवीजन (बॉयज) कैडेट्स और 9 सीनियर विंग (गर्ल्स) कैडेट्स को चुना गया है। इसके अलावा 6 कैडेट्स को विशेष एनसीसी गार्ड ऑफ ऑनर के लिए चुना गया है। सर्वश्रेष्ठ एनसीसी समूह के लिए प्रतिष्ठित एडीजी के बैनर को विभिन्न प्रशिक्षण और अन्य गतिविधियों में उनके प्रदर्शन के आधार पर उत्तर प्रदेश के 11 समूहों में से सर्वश्रेष्ठ समूह के लिए प्रदान किया जाएगा। गणतंत्र दिवस परेड शिविर में अच्छा प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को गवर्नर्स गोल्ड (छह) और सिल्वर (छह) पदक भी प्रदान किए जाएंगे।