न्यूनतम 60 फ़ीसदी अंक पाने वाले ओबीसी के सभी पात्र विद्यार्थियों को शुल्क भरपाई पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने ट्रेजरी में लगाए भुगतान के लिए 400 करोड़ के बिल अमर उजाला ब्यूरो लखनऊ। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने छात्रों के शुल्क की भरपाई के लिए 400 करोड़ रुपये के बिल ट्रेजरी में लगा दिए हैं। इससे पिछली कक्षा में न्यूनतम 60 फ़ीसदी अंक पाने वाले इस वर्ग के सभी पात्र छात्रों को शुल्क की भरपाई कर दी जाएगी। यह भुगतान उनके खातों में 2 से 3 दिन के भीतर पहुंच जाएगा। पिछड़ा वर्ग कल्याण ने 2 अक्टूबर और 26 जनवरी को विद्यार्थियों के खातों में शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि भेजी थी, लेकिन आधे से ज्यादा छात्र बजट की कमी के कारण योजना का लाभ नहीं पा सके। मामला सरकार की जानकारी में लाए जाने के बाद इस वर्ग के विद्यार्थियों के लिए चार सौ करोड़ रुपये की और व्यवस्था की गई। 26 जनवरी तक करीब 67 प्रतिशत अंक पाने वाले विद्यार्थियों को ही इस योजना का लाभ मिला था। 400 करोड़ रुपये दे दिए जाने से न्यूनतम 60 फ़ीसदी अंक पाने वाले सभी पात्र विद्यार्थियों को शुल्क की भरपाई हो जाएगी। अपर मुख्य सचिव, पिछड़ा वर्ग कल्याण महेश गुप्ता ने बताया की राशि अगले 2-3 दिन के भीतर पात्र छात्रों के खाते में पहुंच जाएगी।
अजीत