लखनऊ। गाजीपुर में जिस हेड कांस्टेबल से स्कूटी सवार लोगाें ने मारपीट कर पिस्तौल लूटी थी वह एसटीएफ में तैनात हैं। एसटीएफ की टीम ने मंगलवार को वारदात का खुलासा करते हुए एक किशोर व दो युवकों को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी के घर से लूटी गई पिस्तौल बरामद की। कोर्ट में पेश कर दो आरोपी जेल भेजे गए। किशोर को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र में कल्याण अपार्टमेंट के पास सोमवार शाम करीब सात बजे हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की बाइक एक स्कूटी से टकरा गई थी। स्कूटी सवार तीन लोग उनके साथ मारपीट कर उनकी सर्विस पिस्तौल लूट ले गए थे। गाजीपुर थाने में लूट व अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी। मंगलवार को वारदात के खुलासे के दौरान पता चला कि विनोद कुमार एसटीएफ में तैनात हैं। एसटीएफ की टीम ने तफ्तीश की। मड़ियांव गांव से आकाश मिश्रा, शशांक मिश्रा व एक किशोर को गिरफ्तार किया। आकाश गोलगप्पा का ठेला लगाता है। शशांक इंटरमीडिएट पास है, जबकि किशोर 11वीं का छात्र है।
बिस्तर पर तकिये के नीचे रखी थी पिस्तौल
आरोपी आकाश व शशांक मनबढ़ किस्म के हैं। विवाद के दौरान विनोद ने कहा था कि वह पुलिस में हैं, तब भी वह नहीं डरे थे और पिस्तौल लूटकर भाग निकले थे। पिस्तौल आकाश के घर से बरामद हुई। उसने बिस्तर पर तकिये के नीचे पिस्तौल रखी थी। विवाद के बारे में घर वालों को नहीं बताया था।