अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण से जिले का वैभव बढ़ता जा रहा है। सरयू के तटवर्ती करीब 23 गांवों में उद्योगों की स्थापना के प्रस्तावों से लोगों के चेहरे खिले हुए हैं। 120 उद्योगों की स्थापना से एक ओर जहां जिले के विकास में चार चांद लगेंगे वहीं छह हजार लोगों को रोजगार की उम्मीद भी जगी है। निवेशकों की ओर से दिए गए प्रस्तावों में चार फाइव स्टार होटल के साथ ही एथनॉल प्लांट भी शामिल है। इसके अलावा खाद्य प्रसंस्करण, कृषि उद्योग, दवा उद्योग की स्थापना के प्रस्ताव भी हैं। प्रदेश स्तर पर आयोजित हो रहे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट यानि निवेश कुंभ में जिले का दबदबा रहेगा। शासन से तय 300 करोड़ निवेश के लक्ष्य से कहीं अधिक 4800 करोड़ निवेश के प्रस्ताव हासिल करने में अफसरों को कामयाबी मिली है। 120 उद्यमियों ने जिले में निवेश का प्रस्ताव दिया है। जिले में निवेशकों की दिलचस्पी का मुख्य कारण अयोध्या में बन रहे भगवान श्रीराम मंदिर को माना जा रहा है।
अयोध्या में नहीं मिली जमीन
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण होने से आसपास के गांवों में उद्योग की स्थापना के लिए निवेशक इच्छुक थे। लेकिन इन्वेस्टर्स समिट के समय उन्होंने भ्रमण किया तो अयोध्या के सबसे करीब जिले के नवाबगंज ब्लॉक के गांवों में उन्हें असीम संभावनाएं नजर आईं। यह क्षेत्र मंदिर के नजदीक और सरयू तट से भी जुड़ा है। इससे यह स्थल भी काफी आकर्षक महसूस हुआ। होटल व्यवसाय से जुड़े निवेशकों का रूख यहां के भौगोलिक स्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है।
फाइव स्टार होटल सहित 120 प्रस्ताव
फाइव स्टार होटलों के तीन प्रस्ताव एक हजार करोड़ के हैं। जिसमें ताज, ओबेराय, विवांता, जिंजर होटल शामिल हैं। इसके साथ ही भारत मेज फाउंडेशन 10 करोड़, हिंदुस्तान इंडस्ट्री चार करोड़, गोंडा दाल एंड सीरियल एसोसिएशन 8 करोड़, मातृभूमि ग्रामोद्योग ऑर्गेनिक फाउंडेशन 10 करोड़, अथर्स्ट फार्मर प्रोडूसर 15 करोड़, कृषि सेवा केंद्र 20 करोड़, दीप ट्रेडर्स 8 करोड़, कपूर इंफ्रास्ट्रक्चर दो करोड़, पोखरमल रंगलाल पांच करोड़, स्टील फैब्रीकेटर्स तीन करोड़ समेत 120 कंपनियों के निवेश प्रस्ताव भी शामिल हैं।
गोंडा के जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार ने बताया कि इन्वेस्टर्स समिट के तहत जिले में निवेश के लिए उद्यमियों के प्रस्ताव आए हैं। 4800 करोड़ के निवेश के लिए उद्यमियों ने आवेदन किए हैं। इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और गोंडा जिले के विकास की दशा-दिशा तय होगी।