श्रावस्ती। जिले के भूमि संरक्षण, सिंचाई व जल संसाधन विभाग की ओर से सोमवार को पृथ्वी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में भूमि संरक्षण अधिकारी रचित कुमार ने मौजूद लोगों को बताया कि दिन प्रतिदिन बढ़ते विभिन्न प्रकार के प्रदूषण पृथ्वी की सेहत बिगाड़ रहे हैं। ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि कम से कम प्रदूषण उत्सर्जित करने के उपाय अपनाएं। प्लास्टिक हमारे पृथ्वी की सेहत के लिए सबसे ज्यादा हानिकारक है। इसलिए हमें प्लास्टिक का सबसे कम प्रयोग करना चाहिए।
जिला पिछड़ा व अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी गौरव खड़ायत ने कहा कि हम सभी को प्रतिवर्ष कम से कम दो पौधे अवश्य लगाना चाहिए। वनों के दोहन से निरंतर धरती का तापमान बढ़ता जा रहा है। जिला क्रीड़ाधिकारी शिव कुमार यादव ने कहा कि लगातार बढ़ रहा तापमान इस बात का संकेत है कि पृथ्वी पर वन क्षेत्र की कमी हो रही है। सभी का दायित्व है कि पर्यावरण को बचाने के में जुट जाएं।
कार्यक्रम के बाद कार्यालय परिसर की खाली पड़ी भूमि में आम व अमरूद के पौधे का रोपण भी किया गया। इस दौरान उत्तम, आशीष, घनश्याम रस्तोगी, शशिकांत तिवारी, विशुननाथ जायसवाल, शेखर, गोवर्धन, विनीत सिंह, इकबाल, संजय सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।