रायबरेली। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली युवती का बड़ी बेरहमी से कत्ल किया गया था। पहले तीन युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। इसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। सिर पर भी गंभीर चोट पहुंचाई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा होने पर पुलिस ने तीनों युुवकों को पकड़कर पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। तीनों आरोपी दोस्त हैं। पूछताछ के बाद रविवार को तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र एक गांव में 29 मार्च को 22 वर्षीय युवती का शव उसके घर के कमरे में निर्वस्त्र अवस्था में मिला था। घटनास्थल पर खून बिखरा था। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या किए जाने की आशंका जताई थी। मृतक युवती की दादी की तहरीर पर गांव के ही रहने वाले अभिषेक उर्फ अविकेश उर्फ बौना, राजा और अंकित उर्फ कल्लू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या करने की पुष्टि हुई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार अग्रवाल के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देने की बात कबूली है। घटना का मुख्य आरोपी बौना है। मृतक युवती का मोबाइल खराब हो गया था। जिसे बनवाने के लिए बौना को दिया था। बौना ने मोबाइल का सिम निकाल लिया था। बृहस्पतिवार की रात बौना अपने दो साथियों के साथ सिम देने के लिए युवती के घर गया था। घर पर युवती अकेली थी, जबकि उसकी दादी घर से बाहर थी। इसी का फायदा उठाते हुए तीनों युवकों ने युवती के साथ गैंगरेप किया। विरोध करने पर दुपट्टे से गला घोंट दिया। साथ ही उसके सिर पर किसी औजार से प्रहार किया। इससे युवती की मौत हो गई थी।
एसपी के मुताबिक युवक नशे में धुत थे। घर पर युवती को अकेला देखकर उनकी नियत खराब हो गई थी। घटना में इस्तेमाल दुपट्टा और मृतक युवती का सिम भी बरामद कर लिया गया है। घटना का खुलासा करने पर पुलिस टीम को पांच हजार रुपये के इनाम से पुरस्कृत किया गया।
परिजनों ने आरोपियों को देखा था युवती के साथ
एसपी के मुताबिक दो दिन पहले परिजनों ने युवती को आरोपियों के साथ देखा था। शक के आधार पर दादी ने गांव के ही तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कराया। तीनों को पकड़ा गया तो उन्होंने युवती की हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी बौना की उम्र 22 वर्ष, जबकि दो आरोपियों की उम्र 19 वर्ष है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुली गुत्थी
युवती का शव घर के अंदर बरामद होने के बाद मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी और उनके मातहत घटना की सही जानकारी देने से बचते रहे। पूरे प्रकरण को दबाने का प्रयास करते रहे। परिजन दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे थे, लेकिन पुलिस जांच का राग अलापती रही। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने, हत्या किए जाने की पुष्टि हुई तो पुलिस भी अवाक रह गई।
तीनों युवकों पर लगेगा गैंगस्टर
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी कराई जाएगी। पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाया जाएगा।