लखनऊ। पुरनिया क्रॉसिंग के पास ट्रैक के किनारे ईयरफोन लगाकर चल रही युवती ट्रेन की चपेट में आकर कट गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अलीगंज एसीपी वृज नारायण सिंह ने बताया कि फैजुल्लागंज के श्याम विहार निवासी राकेश यादव यहियागंज में परफ्यूम की दुकान में काम करते हैं। उनकी 27 साल की बेटी आरती ज्ञानशाला संस्था से जुड़कर बच्चों को पढ़ाती थी। सोमवार शाम करीब छह बजे वह कान में ईयरफोन लगाकर पुरनिया क्रॉसिंग के पास ट्रैक किनारे चल रही थी। इसी दौरान ट्रेन आ गई। हॉर्न देने के बावजूद ईयरफोन की वजह से सुनाई न देने से आरती ट्रैक से दूर नहीं हो सकीं। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गईं। एसीपी ने बताया कि मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।