शाहगंज। इनायतनगर क्षेत्र के चकनाथा मोड़ पर डंपर की चपेट में आकर बालिका की मौत हो गई। बताया गया कि क्षेत्र के विद्यासागर मिश्रा अपनी छह वर्षीय बेटी स्तुति मिश्रा को प्रभात नगर स्थित स्कूल भेजने निकले थे। बृहस्पतिवार की सुबह वह चकनाथा मोड़ पर आकर स्कूल वैन का इंतजार कर रहे थे। बेटी को वहीं छोड़कर पास की स्टेशनरी की दुकान से कॉपी लेने लगे, तभी टकसरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर बालिका घायल हो गई। गंभीरावस्था में बालिका को जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उपनिरीक्षक राममूर्ति कनौजिया ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।