लखनऊ। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) का क्षेत्रीय कार्यालय बाल दिवस पर शनिवार को इंदिरा गांधी तारामंडल में विशेष आधार शिविर लगाएगा। इसमें आधार अपडेट किए जाएंगे। क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से बताया गया कि बच्चों के आधार में पांच और 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर बायोमीट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है। इसमें फिंगरप्रिंट, आंखों की पुतलियों की स्कैनिंग और फोटो अपडेट की जाती है। समय पर अपडेट न होने से आधार आधारित प्रमाणीकरण में परेशानी हो सकती है। शिविर में आने वाले अभिभावकों से बच्चों के आधार कार्ड की प्रति साथ लाने की अपील की गई है।