ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में एनएचएआई की टीम ने बुधवार को सवैया तिराहा के पास स्थित एक धार्मिक स्थल को ढहा दिया। इससे लोगों में आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने लखनऊ-प्रयागराज हाईवे जाम कर दिया। सूूचना पर पहुंचे अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हो गए। करीब 20 मिनट हाईवे पर जाम लगा रहा।
लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सवैया तिराहा के पास एक धार्मिक स्थल है। धार्मिक स्थल से क्षेत्र के लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। आरोप है कि एनएचएआई ने बिना सूचना दिए उसे तोड़ दिया। इसकी खबर ग्रामीणों को हुई तो लोग सड़क पर उतर आए और राजमार्ग पर जाम कर दिया। एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी, सीओ अरुण कुमार नौहवार, कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने अधिकारियों से नाराजगी जताई और बिना सूचना दिए तोड़ी गई मजार को दूसरे स्थान पर बनवाने या मुआवजा दिलाने की मांग की। एसडीएम ने एनएचएआई से बातकर मामले का समाधान कराने का आश्वासन दिया। एसडीएम ने बताया कि एनएचएआई ने धार्मिक स्थल की छत हटाई है। बात करके समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा।
मनमाने तरीके से कर रहे हैं काम
लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेन बनाने का काम तेज गति से चल रहा है। आगामी कुंभ मेले से पहले राजमार्ग चौड़ीकरण का काम पूरा होना है। लोगों का आरोप है कि एनएचएआई के अधिकारी इस कार्य को मनमाने ढंग से कर रहे हैं। बिना सूचना व मुआवजा के लोगों का घर व धार्मिक स्थलों को तोड़ा जा राह है। विरोध करने पर उनके अधिकारी दबंगई दिखाते हैं। इससे क्षेत्र लोगों में नाराजगी है।