एसजीपीजीआई में अब हेपेटाइटिस बी और सी के मरीजों को निशुल्क इलाज मिलने लगा है। नेशनल वायरल हेपेटाइटिस कंट्रोल प्रोग्राम के तहत एनएचएम के लिए पीजीआई को स्टेट नोडल सेंटर बनाया गया है। इन मरीजों को जांच और दवाओं का भी कोई शुल्क नहीं देना होगा। सेंटर के डॉक्टर जिला स्तर पर तैनात डॉक्टरों को हेपेटाइटिस बी और सी के इलाज के लिए प्रशिक्षित भी करेंगे।
संस्थान के निदेशक डॉ. आरके धीमान ने बताया कि महंगा होने की वजह से बहुत से गरीब मरीज बीच में ही इलाज छोड़ देते हैं। निशुल्क इलाज से उन्हें राहत मिलेगी। पीजीआई के गैस्ट्रोइंटेरोलॉजिस्ट और स्टेट नोडल सेंटर के प्रभारी डॉ. अमित गोयल ने बताया कि संस्थान की ओपीडी में इस समय हेपेटाइटिस बी और सी के रोजाना करीब 100 मरीज आ रहे हैं। इनमे से रोज छह से सात नए मरीज भी होते हैं। इसका इलाज महंगा है पर तीन से छह माह के इलाज में वे ठीक हो जाते हैं।