लखनऊ। कैंसर की जल्द पहचान और सही इलाज के लिए कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान में कई जांच मुफ्त शुरू की गई हैं। ऑन्कोपैथोलॉजी विभाग की साइटोलॉजी लैब में बच्चेदानी के मुंह के कैंसर की पहचान के लिए पैप स्मीयर जांच निशुल्क हो रही है। निदेशक प्रो. एमएलबी भट्ट ने बताया कि बीमारी का समय रहते पता लगाने से सही इलाज तय करने में मदद मिलती है। विभागाध्यक्ष डॉ. दीप्ति मिश्रा ने बताया कि डायमंड्स योजना के तहत फेफड़े और स्तन कैंसर के मरीजों की मॉलिक्यूलर और बायोमार्कर जांच भी मुफ्त की जा रही है। दो वर्षों में एक हजार से अधिक मरीज इसका लाभ ले चुके हैं। निजी केंद्रों पर इन जांचों का खर्च 15000 रुपये तक है।