लखनऊ। जालसाजों ने चार लोगों को 45 लाख 72 हजार रुपये की चपत लगा दी। पीड़ितों ने संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सआदतगंज के मोमिन नगर निवासी अबूजर के मुताबिक बीते 23 दिसंबर को उनके वाहट्सएप पर घर बैठे कमाई करने का मैसेज आया था। उन्हें टेलीग्राम पर नीता नामक महिला से बात कर एक ग्रुप में जुड़ने को कहा गया। इसके बाद उन्हें झांसे में लेकर कई बार में 41 लाख 29 हजार आठ सौ रुपये प्रीपेड टास्क के रूप में रुपये जमा करा लिए। कुछ दिन बाद मैसेज आया, जिसमें उनसे टास्क गलत होने पर हुए नुकसान की भरपाई के नाम पर 29 लाख 60 हजार और मांगे गए।
अमीनाबाद निवासी असद मियां की जूते वाली गली में आभूषण की दुकान है। असद के मुताबिक अगस्त 2022 में लोन लैंडिंग कार्ड फाइनेंस लिमिटेड से साढ़े चार लाख रुपये लोन लिया था। 10 नवंबर 2023 को एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी राकेश बताया और पिछले लोन के ब्याज समेत तीन लाख 19 हजार रुपये जमा करने पर 15 लाख का नया लोन देने का झांसा दिया। असद ने जालसाज द्वारा बताए गए खाते में 28 दिसंबर को रकम जमा कर दी। आरोप है कि एनओसी मांगने पर आरोपी टालता रहा। कंपनी के ऑफिस पहुंचने पर असद को पता चला कि उनके यहां किसी भी तरह का भुगतान ही नहीं हुआ।
गुडंबा की साईं कॉलोनी निवासी प्रशांत कुमार के मुताबिक बुधवार को उनके भाई मुकेश एटीएम से रुपये निकालने गए थे। तभी किसी ने झांसा देकर उनका एटीएम कार्ड बदलकर खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। हुसैनगंज निवासी आकाश सिंह के मुताबिक बीते 29 दिसंबर को उनके खाते से जालसाज ने 22 हजार रुपये निकाल लिए। सभी मामलों में पीड़ितों ने संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।