- गोमतीनगर पुलिस व क्राइम ब्रांच ने पटना से पकड़ा
- गैंगस्टर एक्ट में था फरार, 10 हजार का इनाम था घोषित
- कई बेरोजगारों को नौकरी के नाम पर ठग चुका था
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। डाक विभाग में बेरोजगारों को नौकरी के नाम पर ठगने वाले मिथलेश राजभर को गोमतीनगर व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने शनिवार को पटना से गिरफ्तार कर लिया। जालसाज गैंगस्टर के मामले में फरार था और दस हजार का इनाम भी घोषित था।
एडीसीपी पूर्वी अली अब्बास ने बताया कि संतकबीरनगर निवासी गुलशन नाम के युवक से डाक विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर मिथलेश राजभर, उसके साथी रितेश, विनोद और अमित ने वर्ष 2021 में लाखों रुपये ऐंठे थे। फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिया था। गैंग ने पीड़ित से जीपीओ में एक दिन फर्जी ढंग से काम भी कराया था और अतिरिक्त पैसों की मांग की थी। शक होने पर पीड़ित ने जब नियुक्ति पत्र की जांच कराई तो ठगी का पता चला। तीन जुलाई 2021 को पीड़ित ने गोमतीनगर थाने में केस दर्ज कराया था।
मिथलेश को छोड़कर बाकी सभी आरोपियों को गोमतीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने मिथलेश और उसके गैंग पर यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। शनिवार को गोमतीनगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मिथलेश राजभर को पटना से गिरफ्तार किया। मिथलेश मूलरूप से बलिया का रहने वाला है और पटना में छिपकर रह रहा था।