लखनऊ। सऊदी अरब में रहने वाली महिला को निवेश का लालच देकर दंपति ने पांच करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़िता की तहरीर पर हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज श्याम बाबू शुक्ला के मुताबिक जापलिंग रोड निवासी हिना निहाल सऊदी अरब में रहती हैं। वह सऊदी में शिक्षिका हैं। हिना ने बताया कि उनके जापलिंग रोड स्थित मकान में अभिनेष कुमार व उनकी पत्नी भावना किराये पर रहते हैं। दोनों ने हिना को लखनऊ के आसपास की जमीन का दाम आने वाले दिनों में बढ़ने का लालच देकर निवेश करने को कहा। इनके झांसे में आकर हिना ने कई बार में पांच करोड़ रुपये दोनों के खातों में भेज दिए, लेकिन कई साल बीत जाने के बाद भी कोई लाभ नहीं दिखा। इस पर हिना ने रुपये वापस मांगे तो दोनों टालमटोल करने लगे। हिना ने अधिक दबाव बनाया तो अभिनेष ने दो बार चेक दिया, लेकिन दोनों चेक बाउंस हो गए। हिना के मुताबिक भरोसा हासिल करने के लिए अभिनेष उसे अपनी बहन कहता था और उससे राखी भी बंधवाई थी। हिना के मुताबिक आरोपियों ने उनकी गाड़ी भी धोखे में रखकर बेच दी। यदि ब्याज सहित रकम वापस लेने की बात की जाय तो यह 10 करोड़ रुपये होगी। इस मामले में हिना के वकील आदित्य प्रताप ने उनकी तरफ से तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।