तेलीबाग। बरेली के नेकपुर निवासी अरुण कुमार तिवारी ने एसजे इंफ्रा डेवलपर्स के प्रबंध निदेशक जितेंद्र यादव और तीन अन्य पर 13 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पीजीआई पुलिस ने 23 सितंबर को आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। सेवानिवृत्त सरकारी कर्मी अरुण कुमार ने बताया कि उन्हें लखनऊ में जमीन खरीदनी थी। उनकी मुलाकात पीजीआई में एसजे इंफ्रा डेवलपर्स के कार्यालय में जितेंद्र यादव, सनी, अभिषेक और अमित से हुई। आरोपियों ने उन्हें एक प्लॉट दिखाया। 20 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। अरुण ने 23 अगस्त 2024 को भुगतान किया। आरोपियों ने बैनामा भी कर दिया। बाद में अरुण को पता चला कि जमीन आवास विकास परिषद द्वारा अधिगृहीत थी और दस्तावेज फर्जी थे। शिकायत पर आरोपियों ने सात लाख रुपये लौटाए जबकि शेष 13 लाख रुपये अब तक नहीं दिए। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जितेंद्र, सनी, अभिषेक और अमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। मामले की विवेचना जारी है।