रायबरेली। अगले 20 दिनों तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। अपनी यात्रा करने से पहले यात्री ट्रेनों के बारे में पता कर लें। ऐसा न हो कि स्टेशन पहुंचने के बाद उन्हें निराश लौटना पड़े। वाराणसी-जंघई-प्रयागराज और वाराणसी-जंघई-प्रतापगढ़ रेल मार्ग के दोहरीकरण के साथ ही जंघई स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग हो रहा है, जिसके लिए 3 से 22 सितंबर तक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य कराया जाना है।
इस अवधि में ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। चार जोड़ी ट्रेनों को निरस्त किया गया है। आठ जोड़ी ट्रेनें रूट डायवर्जन के चलते बदले हुए मार्ग से चलेंगी। जनता मेल बनारस के बजाए प्रतापगढ़ तक ही चलेगी। रायबरेली और जौनपुर के बीच दौड़ने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस (अप-डाउन दोनों) 3 से 22 सितंबर तथा बनारस और लखनऊ के बीच दौड़ने वाली एक्सप्रेस ट्रेन (अप-डाउन दोनों) 12 से 14 सितंबर तक निरस्त रहेगी।
बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को 11 से 14 सितंबर तक और नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को 12 से 15 सितंबर तक रद्द किया गया है। बनारस-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस 12 सितंबर और आनंद विहार-बनारस गरीब रथ एक्सप्रेस 13 सितंबर को निरस्त रहेगी।
उधर, बनारस से देहरादून जाने वाली जनता मेल 3 से 23 सितंबर तक और देहरादून से बनारस जाने वाली जनता मेल 1 से 21 सितंबर तक बनारस नहीं जाएगी, क्योंकि यह ट्रेन प्रतापगढ़ जाने के बाद वहीं से लौट जाएगी।
स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन कुमार ने बताया कि जंघई स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते प्रभावित होने वाली ट्रेनों का आदेश आ गया है। कई ट्रेनों के निरस्त होने के साथ ही मार्ग परिवर्तन भी किया गया है।
आठ जोड़ी ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन
रूट डायवर्जन के चलते आठ जोड़ी ट्रेनों का आवागमन इस जिले से नहीं होगा। इन्हें बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा। पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस 3, 6, 8, 10, 13, 15, 17, 20 सितंबर को, आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस 13 सितंबर को, अमृतसर और हावड़ा के बीच दौड़ने वाली पंजाब मेल (अप-डाउन दोनों) 2 से 21 सितंबर तक तथा वाराणसी और लखनऊ के बीच दौड़ने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस (अप-डाउन दोनों) 3 से 22 सिंतबर तक सुल्तानपुर के रास्ते चलेगी।
पटना-जम्मू तवी अर्चना एक्सप्रेस 3, 7, 10, 14, 17, 21 सितंबर को, जम्मू तवी-पटना अर्चना एक्सप्रेस 4, 8, 11, 15, 18 सितंबर को, कोलकाता-आगरा कैंट एक्सप्रेस 12 सितंबर को, मालदा टाउन-आनंद विहार एक्सप्रेस 13 सितंबर को, आगरा कैंट-कोलकाता एक्सप्रेस 14 सितंबर को, नई दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस 12 सितंबर को, वाराणसी-जोधपुर मरुधर एक्सप्रेस 12 सितंबर को, जोधपुर-वाराणसी मरुधर एक्सप्रेस 11 सितंबर को अयोध्या के रास्ते दौड़ेगी। मुंबई सेंट्रल-वाराणसी स्पेशल 4, 11, 18 सितंबर को और वाराणसी-मुंबई सेंट्रल स्पेशल 6, 13, 20 सितंबर को प्रयागराज के रास्ते दौड़ाया जाएगा।